लवेदी। ऑनलाइन साड़ी लौटाने के चक्कर में युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। रिफंड दिलाने का झांसा देकर युवती के मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराई और सेंट्रल बैंक के खाते से पांच बार में 99,518 रुपये निकाल लिए। पीड़िता के पिता ने बेटी की शादी के लिए रकम जमा की थी। खाते से रुपये निकलने की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।
बसैयाहार गांव निवासी आकांक्षा ने बताया कि उसने ई-कॉमर्स साइट से 674 रुपये की साड़ी खरीदी थी। पसंद नहीं आने पर उसे वापस कर दिया था। सात दिन में रिफंड मिलने की जानकारी दी गई थी, लेकिन रकम नहीं आई। इस पर उसने संबंधित नंबर पर कॉल किया। आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे से दोपहर दो बजे तक हुई बातचीत के दौरान कॉल करने वाले ने रिफंड दिलाने के नाम पर मोबाइल की स्क्रीन शेयर कराई और गिफ्ट कार्ड का कूपन खुलवाया।
इसके बाद खाते से पहली बार 10 हजार, दूसरी बार 10 हजार, तीसरी बार 19,999, चौथी बार 55 हजार और पांचवीं बार 4,495 रुपये निकाल लिए गए। शाम को यूपीआई से बैलेंस चेक करने पर खाते से रकम गायब मिली। आकांक्षा ने पिता को जानकारी दी। दोनों लखना स्थित सेंट्रल बैंक पहुंचे, लेकिन तब तक बैंक बंद हो चुका था। आकांक्षा के पिता हेतराम ने बताया कि बेटी की शादी और घर में सबमर्सिबल पंप लगवाने के लिए करीब एक लाख रुपये जमा किए थे।
शनिवार को बेटी से 30 हजार रुपये निकालकर लाने को भी कहा था, लेकिन इससे पहले ही खाते से रकम निकल गई। पीड़ित ने देर शाम पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।