इटावा। सिरसागंज से सपा विधायक हरिओम यादव, उनके बेटे विजय प्रताप एवं गनर विमल यादव के खिलाफ गुरुवार को लवेदी थानाध्यक्ष ने सैफई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीनों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। विधायक अपने बेटे व गनर के साथ समाजवादी पार्टी केे राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के जन्म दिन समारोह में शामिल होने सैफई पहुंचे थे।
सैफई पंडाल में गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव का जन्म दिन समारोह चल रहा था। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद थे। भीड़ को देखते हुए चंदगीराम स्टेडियम के पास वाहनों को रोकने के लिए बैरियर लगाया गया था। जहां पर लवेदी थानाध्यक्ष अनिल यादव की ड्यूटी थी। आरोप है कि दोपहर करीब साढे़ ग्यारह बजे सिरसागंज विधायक हरिओम यादव अपने पुत्र विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटे के साथ वहां पहुंचे। थानाध्यक्ष ने स्टेडियम में गाड़ी खड़ी कर पैदल जाने को कहा।
इस पर उनके गनर विमल यादव ने जबरन बैरियर खोलने की कोशिश की। विरोध करने पर विधायक हरीओम यादव और उनके बेटे विजय प्रताप गाड़ी से उतरे। तीनों ने थानाध्यक्ष से हाथापाई कर दी। अन्य पुलिस कर्मियों ने आकर बीच बचाव किया। विधायक ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बाद में थानाध्यक्ष अनिल यादव ने एसएसपी को पूरे मामले की जानकारी थी। इसके बाद थानाध्यक्ष अनिल यादव ने सैफई थाने में विधायक हरिओम यादव उनके पुत्र विजय प्रताप यादव, गनर विमल यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
- विधायक के साथ उनके बेटे व गनर को भी किया नामजद
- सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने का आरोप