त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की मतगणना में निगेटिव रिपोर्ट वाले लोगों को ही एजेंट बनाने की शर्त ने दिक्कतें बढ़ा दी है।
दो मई से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना होनी है। मतगणना के लिए 7712 प्रत्याशियों के एजेंट बनाए जाने हैं। एजेंटों के लिए कोरोना जांच रिपोर्ट की शर्त लगा दी गई है। पास उन्हीं के बनेंगे जिनकी रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आएगी।
मतगणना स्थल पर थर्मल स्क्रीनिंग भी की जाएगी। सोशल डिस्टेंसिंग के आधार पर मतगणना स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।
कोरोना जांच की शर्त ने प्रत्याशियों के सामने समस्या खड़ी कर दी है। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष उदय भान सिंह यादव ने कहा कि एजेंट बनने वालों की जांच ब्लॉक मुख्यालय पर शिविर लगाकर की जानी चाहिए। जांच रिपोर्ट 24 से 48 घंटे में दी जाए ताकि किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रत्याशी दूसरे एजेंट की व्यवस्था कर सके।
जिलाधिकारी श्रुति सिंह की ओर से जारी निर्देश में बताया गया है कि दो मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। प्रत्याशी या उनके एजेंट को कोरोना जांच रिपोर्ट दिखाकर ही प्रवेश दिया जाएगा। जांच आरटीपीसीआर की ही मानी जाएगी। जांच 29 अप्रैल से दो मार्च के बीच होनी चाहिए।