सैफई महोत्सव में शनिवार को स्वैछिक रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 72 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया और 108 लोगों ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। स्वास्थ्य शिविर में कुल 954 लोगों ने जांच कराई।
रिम्स के पैथोलाजी एवं ब्लड बैंक विभाग तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको)े के सहयोग से स्वैछिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के सहयोग से हृदय रोग तथा अस्थमा जांच शिविर का आयोजन सैफई ब्लाक परिसर में किया गया।
रक्तदान शिविर व हृदय रोग एवं आस्थमा (श्वांस रोग) जांच शिविर का उद्घाटन सपा महासचिव प्रो रामगोपाल यादव, सांसद मैनपुरी तेजप्रताप यादव एवं रिम्स निदेशक डा. ब्रिगेडियर टी प्रभाकर ने संयुक्त रूप से किया। सपा महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि आज रक्तदान की भ्रांतियों से जनसामान्य को जागरूक करने की आवश्यकता है।
प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का यह दायित्व है कि खुद रक्तदान करने के साथ अपने परिवार के सदस्यों, मित्रों एवं अन्य लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करे। मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रो. पीएस सिंह ने कहा कि शिविर में हृदय के अतिरिक्त अस्थमा एवं सामान्य बीमारियों की भी जांच की गई।
मरीजों को दवा और गंभीर मरीजों को संस्थान के संबंधित विभाग के लिए रेफर किया गया। इस अवसर पर महोत्सव प्रबंधक वेदव्रत गुप्ता, रविंद्र श्रीवास्तव उर्फ गुड्डू, चंदगीराम यादव, राजवीर सिंह बाबा, संतोष यादव, चिकित्सा अधीक्षक डा. (ब्रिगे) एसके गुप्ता, प्रो. पीएस सिंह, डा. आदेश कुमार, डा. मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।