जिला अस्पताल में अब 24 घंटे पैथालोजी जांच और एक्सरे की सुविधा मिलेगी।
शनिवार को सीएमएस डा. एके पालीवाल ने 24 घंटे पैथालोजी और एक्सरे सेवा शुरू
किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि अभी तक दोपहर 12 बजे तक ही सैंपल लिए
जाते थे, जबकि अब 24 घंटे सैंपल लिए जाएंगे और मरीजों को समय पर ब्लड
रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएमएस डा. पालीवाल ने बताया की
दुर्घटनाओं के मामलों में अस्पताल पहुंचे मरीजों का एक्सरे भी तुरंत नहीं
हो पा रहे थे। अब इसे भी 24 घंटे के लिये चालू किया गया है। अगर कोई मरीज
रात के समय भी अस्पताल पहुंचता है और उसे एक्सरे की जरूरत होती है तो
तुरंत ही मरीज का एक्सरे कर उसका उपचार शुरू किया जा सकेगा।
पैथालोजी में लैब टेक्नीशियन सहित अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट में लगाई जाएगी। ठीक यही व्यवस्था एक्सरे स्टाफ की भी की जाएगी।
वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी प्राथमिकता
सीएमएस
डा. पालीवाल ने शनिवार को जिला अस्पताल की चौथी मंजिल के वार्ड भी खोले
जाने की घोषणा की। इसके साथ ही एनआरसी वार्डों को भी मरीजों के लिए खोल
दिया गया। चौथी मंजिल में कुल छह नए वार्ड शुरू किए गए हैं, जिनमें 36 बेड
हैं।
वहीं एनआरसी वार्ड में 24 और बेड लगाए गए हैं। इन नए वार्डों
में वरिष्ठ नागरिक को प्राथमिकता पर भर्ती किया जाएगा। इसके साथ ही नेत्र
रोगियों को भी आपरेशन के बाद इन्हीं वार्डों में रखा जाएगा।