चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव संतोषपुर पचार में शनिवार सुबह आसमान से एक गुब्बारे के साथ एक छोटा सा यंत्र आता दिखाई दिया। बाद में वह रामचंद्र के खेत में जा गिरा। इससे इलाके में दहशत फैल गयी।
आसमान से किसी वस्तु के गिरने की जानकारी आसपास के लोगों को लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद उसेअपने कब्जे में ले लिया।
शनिवार सुबह संतोषपुर पचार के लोग अपने दैनिक कामों में व्यस्त थे । तभी आसमान की ओर से पैराशूट जैसी कोई वस्तु आती दिखाई दी। उसके साथ एक छोटा सा यंत्र भी लटक रहा था। उसे देखकर लोग उसके पीछे दौडे़।
वह गांव के ही रामचंद्र के खेत में जाकर गिर गया। गिरी वस्तु पर मौसम विभाग लिखा था। लोगों ने इसकी जानकारी चौबिया थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर एसओ सतीश यादव मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। बाद में पुलिस उसे उठाकर थाने ले गई। एसओ सतीश यादव ने बताया कि संतोषपुर पचार गांव में गिरा यंत्र मौसम विभाग का लग रहा है। इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है।
जिले में पिछले कई दिनों से खाली पडे़ थानों में बाहर से आए निरीक्षकों को तैनाती दी है। बकेवर के प्रभारी निरीक्षक को वहां से हटाकर इकदिल थाने में तैनात किया गया है।
जिले से कई निरीक्षको का तबादला गैर जनपद हो गया था। इस कारण से जिले के कई थाने खाली चल रहे थे। एसएसपी संतोष कुमारमिश्रा ने बाहर से आए निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला को सदर कोतवाली का चार्ज दिया है। इसके अलावा संतोष कुमार त्रिपाठी को बकेवर थाने का चार्ज दिया ।
चंद्रदेव यादव को प्रभारी निरीक्षक सैंफई और महेंद्र प्रताप सिंह को भरथना का चार्ज दिया है। बकेवर के प्रभारी निरीक्षक समीर कुमार सिंह को बकेवर से हटाकर उन्हें इकदिल थाने का प्रभारी बनाया है।