अमर उजाला ब्यूरो
भरथना।
कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी में साम्हों रेलवे स्टेशन के पास हैंगिंग पार्ट्स में तकनीकी खराबी के चलते करीब छह ट्रेनों को भरथना स्टेशन पर रोकना पड़ा। इस कारण करीब 35 मिनट तक डाउन ट्रैक बाधित रहा।
मंगलवार शाम 5:20 बजे इटावा से कानपुर की ओर जा रही जीएन 902 मालगाड़ी भरथना स्टेशन से पास हुई। रास्ते में ट्रेन के हैंगिंग पार्ट्स में आई खराबी की सूचना गेट नंबर 20 के गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को दी । सिग्नल 502 से सूचना मिलने और कं ट्रोल रूम से मिले निर्देश के तहत मालगाड़ी को साम्हाें स्टेशन की डाउन लाइन की लूप लाइन पर रोकना पड़ा। दूसरी ओर डाउन लाइन से पास होने वाली ट्रेनों को भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक रोकना पड़ा। तूफान एक्सप्रेस को 5:42 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर, आनंद विहार एक्सप्रेस को 5:48 बजे रोकना पड़ गया। डाउन लाइन पर ही कोटा-पटना एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस तथा गरीब रथ जैसी ट्रेनों को भी रोकना पड़ा। मालगाड़ी साम्हों स्टेशन पर लूप लाइन पर खड़ी है। कानपुर से टेक्नीशियन टीम के आने का इंतजार है। इस दौरान करीब 35 मिनट तक डाउन ट्रैक बाधित रहा। इसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
- मालगाड़ी में तकनीकी खराबी से बाधित रहा डाउन ट्रैक
- प्रभावित रहीं करीब छह ट्रेनें