बिजौली के सामने सिक्स लेन हाईवे पर एक वाहन ने 7 वर्षीय बालक को रौंद दिया। बालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस के काफी देर से पहुंचने पर गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर करीब एक घंटे जाम लगाया। जाम खुलने पर गलत साइड की सर्विस रोड से जल्दी निकलने के चक्कर में एक खाली एंबुलेंस ने घटना स्थल के पास एक बालिका को टक्कर मार दी। जिससे एक बार फिर वबाल की स्थिति बन गई। चालक एंबुलेंस को भगा ले गया। ग्रामीणों ने पीछा किया तो जाम में फंसने से चालक एंबुलेंस को हाईवे पर छोड़ कर भाग गया। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी।
बकेवर थाना के ग्राम बिजौली निवासी अमरजीत का पुत्र कल्लू अपनी दादी के साथ सिक्सलेन हाईवे पार खेतों से घास लेकर शनिवार की शाम करीब 5 बजे वापस आ रहा था। हाईवे पार करते समय इटावा की ओर से आ रहे किसी वाहन ने कल्लू को टक्कर मार कुचल दिया। बालक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने सौ नंबर पुलिस व थाना के सीयूजी नंबर पर सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक घंटे तक पुलिस घटना स्थल पर नही पहुंची। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बिजौली के सामने सिक्सलेन हाईवे पर दोनों और जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इसके बाद हाईवे मोबाइल सौ नंबर पुलिस की थाना पुलिस व इकदिल थानाध्यक्ष आलोक राय मौके पर पहुंचे। बकेवर थानाध्यक्ष जेपी पाल रेप के मामले में पीड़ित का मेडिकल कराने जिला अस्पताल गए थे। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने को राजी कर लिया। जाम खुलने लगा तभी गलत साइड से आ रही एंबुलेंस ने 10 वर्षीय बालिका सिमरन पुत्री मनजीत दोहरे को टक्कर मार दी। उसके पैर में काफी चोट लगी है। इसके बाद लोगों ने फिर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर इटावा से थानाध्यक्ष बकेवर जेपी पाल मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। सात बजे जाम खुल सका। करीब एक घंटे बाद हाईवे पर वाहनों का संचालन सुचारू हो सका।