इटावा। जिले में गुरुवार को 40 केंद्रों पर 45 साल से ऊपर के 695 लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाया। 4200 लोगों के टीकाकरण के लक्ष्य था। इसमें 309 लोगों ने पहली और 386 लोगों ने दूसरी डोज ली।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. सतेंद्र सिंह यादव ने बताया पचराहा स्थित मेडिकल केयर यूनिट पर मोहल्ला करोल निवासी सुमन पांडे ने कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। बताया वह घर में अकेली रहती हैं। सुमन ने कहा कि घर में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिक टीकाकरण जरूर कराएं। राम बहादुर ने पत्नी मालती देवी के साथ टीकाकरण कराया। उन्होंने लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया दोनों डोज लगवाने के बाद दो से चार सप्ताह के बाद लगभग 80 प्रतिशत प्रतिरक्षा प्राप्त होती है। यदि 10 लोगों ने संपूर्ण टीकाकरण करवाया है तो इसमें दो लोगों को कोरोना संक्रमण हो सकता है। वैक्सीन लगवाने का फायदा यह है की संक्रमण होने पर आईसीयू में भर्ती होने की नौबत नहीं आती है। केवल हल्के-फुल्के लक्षण ही हो सकते हैं।