अमर उजाला ब्यूरो
बकेवर। लखना नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच करने एसडीएम चकरनगर के नेतृत्व वाली तीन सदस्यीय कमेटी नगर पंचायत कार्यालय पर पहुंची। कमेटी ने तीन घंटे से अधिक समय तक जांच की। उक्त मामले की पूर्व मनोनीत व निर्वाचित सभासद राधामोहन, सुखराम, ऊषादेवी आदि ने शिकायत की थी। जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।
लखना नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन सपा नेता सतीशचंद्र वर्मा के विरुद्ध जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी। जिलाधिकरी ने शिकायतों की जांच करने के लिए उपजिलाधिकारी चकरनगर जितेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी थी।
गुरुवार को उक्त तीन सदस्यीय कमेटी एसडीएम चकरनगर जितेंद्र श्रीवास्तव, मुख्य ट्रेजरी अधिकारी रामौतार व आरईएस के मुख्य अभियंता एमसी शर्मा के द्वारा नगर पंचायत कार्यालय जांच की गई। इस दौरान ईओ लखना शेरबहादुर, नगर पंचायत के जेई राजेश दीक्षित, लिपिक योगेश दीक्षित भी मौजूद रहे।