इटावा। रबी सीजन में बोआई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कृषि विभाग ने गेहूं, चना, मटर, मसूर, तोरिया और राई-सरसों के उन्नत बीज अनुदान पर उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। किसानों को प्रमाणित बीजों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। बुकिंग के बाद चयनित किसानों को राजकीय बीज गोदामों से बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला कृषि अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि रबी सीजन 2026-27 के लिए जिले में बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत 7800 क्विंटल राई-सरसों, 7524 क्विंटल गेहूं और 164 क्विंटल जौ के बीज वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा 300 क्विंटल चना, 150 क्विंटल तोरिया, 100 क्विंटल मसूर और 50 क्विंटल मटर के बीज मिनीकिट के रूप में निशुल्क बांटे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अनुदानित बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को पहले ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। बुकिंग के बाद चयन संबंधी संदेश किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। इसके बाद किसान संबंधित ब्लॉक के राजकीय बीज गोदाम पर पहुंचकर पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर सकेंगे। किसानों को बुकिंग के लिए पंजीकरण संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
गेहूं पर 2369, सरसों पर 6427 रुपये प्रति क्विंटल छूट
कृषि विभाग की निर्धारित दरों के अनुसार प्रमाणित गेहूं के बीज की कीमत 4738 रुपये प्रति क्विंटल है। इस पर 2369 रुपये का अनुदान मिलेगा। प्रमाणित राई-सरसों के बीज की कीमत 12854 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है, जिस पर 6427 रुपये अनुदान दिया जाएगा। इसी तरह प्रमाणित चना बीज पर 4750 रुपये, मटर पर 3835 रुपये, मसूर पर 5474 रुपये और तोरिया पर 6053 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान निर्धारित किया गया है। आधारीय बीजों पर भी अनुदान मिलेगा। इसके तहत गेहूं पर 2496 रुपये, राई-सरसों पर 6591 रुपये, चना पर 5025 रुपये और मटर पर 4089 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान दिया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते ऑनलाइन बुकिंग कराने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है।