अवैध खनन में पकड़े गए ट्रैक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी और एमपी की सीमा पर सिंधु नदी से हो रहे बालू के अवैध खनन के मामले में आखिर प्रशासन की नींद टूट गई। कई माह से चल रहे अवैध खनन और परिवहन पर उपजिलाधिकारी चकरनगर मोहम्मद कमर ने कठोर कदम उठाया है। बुधवार को उन्होंने खनन कर बालू ले जाते पांच ट्रैक्टर और एक ट्रक को पकड़कर थाना सहसों पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने दोनों वाहनों को सीज करने के निर्देश थानाध्यक्ष सहसों को दिए हैं। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वहीं दूसरी ओर प्रशासन के नाम पर धन उगाही करने वाले दलालों की भी पोल खुल गई है।
उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की सीमा पर सिंधु नदी से बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। इस खबर को अमर उजाला ने 22 फरवरी के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर संज्ञान में आते ही प्रशासन इस पर गंभीर दिखा। एसडीएम मोहम्मद कमर ने हनुमंतपुरा से 3 ट्रैक्टर बालू से भरे पकड़े । इसके बाद दो ट्रैक्टर व एक ट्रक बालू से भरा और पकड़ा गया। मामले में थाना सहसों में सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई है।