इटावा। जनपद के युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए सरकार ने सीएम युवा योजना शुरू की है। उपायुक्त उद्योग आत्मदेव शर्मा ने बताया कि 21 से 40 वर्ष के युवा (न्यूनतम आठवीं पास) अपना उद्योग या सेवा केंद्र खोलने के लिए पांच लाख तक का ऋण ले सकते हैं।
योजना की बड़ी विशेषता यह है कि चार वर्षों तक 100 प्रतिशत ब्याज मुक्ति और विभाग की ओर से 10 प्रतिशत सब्सिडी देना है। इसमें सामान्य वर्ग को 15 प्रतिशत, ओबीसी को 12.5 प्रतिशत व एससी/एसटी/दिव्यांग को 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान देना होगा। योजना में कृषि उद्योग, ब्यूटी पार्लर, मोबाइल रिपेयरिंग, दोना-पत्तल जैसी इकाइयों के लिए ऋण मिलेगा।
काम शुरू करने के शुरुआती छह माह तक किश्त जमा करने में राहत भी दी जाएगी। आवेदन msme.up.gov.in पर निशुल्क होगा जहां प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी मुफ्त बनेगी। उपायुक्त ने युवाओं को बिचौलियों से सावधान रहते हुए सीधे एसडी फील्ड स्थित कार्यालय में संपर्क करने की सलाह दी है।