इटावा। आर्मी जवान और एक डॉक्टर समेत 44 लोग सोमवार को कोरोना संक्रमित मिले। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1256 हो गई है। 895 संक्रमित ठीक भी हो चुके हैं।
महेवा के ग्राम बहेड़ा में महीना भर पहले छुट्टी पर आया आर्मी जवान कोरोना संक्रमित हो गया। 28 साल का जवान अरुणाचल प्रदेश में तैनात है करीब महीने भर पहले छुट्टी पर गांव आया था। रक्षा बंधन पर कानपुर गया था, लौटने पर अस्वस्थ होने पर 16 अगस्त को गांव में लगे शिविर में जांच कराने पर पॉजिटिव मिले। प्रधान राहुल तिवारी की ओर से लगाए गए शिविर में 63 लोगों की जांच हुई थी। लेखपाल सुधीर चौबे एवं ग्राम पंचायत सचिव लक्ष्मी भदौरिया ने गांव में सैनिटाइज कराकर बैरिकेडिंग कराई। अन्य संक्रमितों में चिकित्सा विश्वविद्यालय सैफई का 31 साल का एक डॉक्टर है।
शहर की बैजल कालोनी में जिला अस्पताल में एनआरसी वार्ड में कार्यरत महिला कर्मी के पॉजिटिव मिलने के बाद उसके परिवार के पांच लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें उसका तीन साल का पुत्र भी शामिल है। पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी के सात सदस्य संक्रमित मिले हैं। एसडी फील्ड में रविवार को एक युवक के पॉजिटिव मिलने के बाद परिवार के चार सदस्य संक्रमित मिले हैं। इनमें 2 व 7 साल के बच्चे शामिल हैं। रंगरेजन टोला में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी और उसकी दो युवा बेटियां संक्रमित मिलीं हैं। ज्योतिनगर में एक दंपति और उनका 17 साल का नाती संक्रमित मिला है। शहर में अन्य स्थानों में पंजाबी कालोनी में 53 साल का व्यक्ति, करनपुरा में 33 साल का युवक, फ्रेंड्स कालोनी में 56 साल का व्यक्ति, इंद्रानगर में 53 साल का व्यक्ति, नई मंडी का 30 साल का युवक, अवंती नगर का 21 साल का युवक, नई बस्ती यशोदानगर का 20 साल का युवक, पंसारी टोला का 11 साल का किशोर संक्रमित मिला। अन्य स्थानों पर एक आबकारी इंस्पेक्टर, एक अन्य युवक, चौबिया थाने के दो पुलिस कर्मी, केशवपुर बानी का 25 साल का युवक, केशवकुंज का 60 साल का वृद्ध, बसरेहर में 65 साल का वृद्ध, 28 और 30 साल के युवक व 11 साल का किशोर कोरोना संक्रमित मिला।