फोटो 25: सड़क पर बुलेट से स्टंट करते युवा। स्रोत विभाग
इटावा। सड़क पर फर्राटा भरते हुए जानलेवा स्टंट व बुलेट बाइक से पटाखा फोड़ने का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर अपलोड करना दो युवाओं को महंगा पड़ गया। सिविल लाइन पुलिस ने प्रचलित वीडियो का संज्ञान लेकर उनकी पहचान कर दोनों बुलेट सवारों को पकड़कर 33 हजार रुपये का जुर्माना किया है।
शहर की सड़कों पर पिछले कुछ समय से युवा बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों पर खतरनाक स्टंट करने की शिकायतें मिल रही थीं। नुमाइश मैदान, सफारी सड़क के आसपास शाम ढलते ही बुलेट एवं रेसिंग बाइकों पर सवार होकर युवा खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करते हुए बाइकें चलाते हैं। पुलिस की सोशल मीडिया सेल टीम ने इस तरह का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित किए जाने पर निगरानी के दौरान प्राप्त हुआ था जिसमें तीन अलग-अलग बुलेट बाइकों पर सवार होकर युवा नुमाइश मैदान सड़क पर स्टंटबाजी करने के साथ पटाखा फोड़ते छोड़ रहे थे।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर सिविल लाइंस थाना प्रभारी केके मिश्रा ने मंगलवार को स्टंट ड्राइविंग एवं बुलेट से तेज आवाज साइलेंसर प्रयोग कर पटाखा फोड़ने वाले दो बुलेट बाइकों को युवकों को पकड़कर उनकी बाइकों को सीज कर दिया। साथ ही उन पर 16500-16500 रुपये समेत 33 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। एसएसपी का कहना है कि विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी। यदि कोई भी व्यक्ति कार या मोटरसाइकिल पर स्टंट करता पाया गया तो उसका वाहन सीज करने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।