इटावा। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (सीएम-युवा) के तहत ऋण स्वीकृति और वितरण में बैंक स्तर पर हो रही देरी को लेकर सीडीओ संजय कुमार सिंह ने नाराजगी जताई। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैंकर्स की समीक्षा बैठक में विभिन्न बैंकों में करीब 325 पत्रावलियां लंबित मिलीं।
समीक्षा में भारतीय स्टेट बैंक में करीब 141, पंजाब नेशनल बैंक में 24, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में 33 और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में करीब 20 पत्रावलियां लंबित पाई गईं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में भी कई प्रकरण लंबित मिले। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं से किसी भी प्रतिनिधि के बैठक में उपस्थित न होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने बैंक अधिकारियों से लंबित ऋण पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण वितरण सुनिश्चित करने को कहा। (संवाद)