अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
किसी बाइक सवार के टकराने के भ्रम में ट्राला चालक ने रविवार रात को हड़बड़ाहट में ट्राला को तेज भगाना शुरू कर दिया। नया शहर चौराहे पर आकर ट्राला बिजली के खंभों को तोड़ते हुए दुकानों में घुस गया। जिससे बिजली के दो खंभे टूट गए। जबकि पांच दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं तीन सबस्टेशनों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली के खंभों के क्षतिग्रस्त होने से विभाग को एक लाख से अधिक की क्षति हुई। इसके अलावा एक मकान व पांच दुकानों के क्षतिग्रस्त होने के कारण करीब पांच-छह लाख का नुकसान हुआ है। घटना के बाद ट्राला चालक व हेल्पर फरार हो गए।
एक ट्राला ट्रैक्टरों को लादकर कानपुर की ओर से आ रहा था। मानिकपुर मोड़ पर तिराहे ट्राला चालक को किसी बाइक सवार के चपेट में आने का भ्रम हो गया। इस पर ट्राला चालक ने ट्राला भगाते हुए शहर के बीच घुसा दिया। ट्राला ने मानिकपुर मोड़ के पास लगे सीमेंट के पोल तोड़े। उसके बाद पक्का बाग तिराहा होते हुए तकिया आजाद आ गया। जहां सड़क किनारे खड़ी कार व रिक्शा को टक्कर मारते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। ट्राला आगे नौरंगाबाद चौराहा की ओर बढ़ा तो रास्ते में नया शहर चौराहे के पास लगे बिजली के खंभे को तोड़ता हुआ दुकानों में घुस गया। रात का समय होने के कारण घटना को लेकर किसी प्रकार शोर-शराबा नहीं हुआ। चालक ने दुकानों में घुसे ट्राला को निकालने का प्रयास भी किया लेकिन सफल न होने पर वह हेल्पर के साथ भाग गया। ट्राला के दुकानों में घुसने से कटरा फ तेह महमूद निवासी लालजी प्रसाद जैन की इलेक्ट्रिक की दुकान, बगल में इनके भाई ओमजीलाल की मोबाइल की दुकान के अलावा अमरीश बंसल की बंसल इलेक्ट्रिकल्स की दुकान, जितेंद्र बंसल निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी की मोबाइल दुकान, राकेश नाथ बंसल निवासी नयाशहर की अमित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा डॉ. विपिनचंद्र गुप्ता निवासी नयाशहर के मकान को नुकसान पहुंचा। जानकारी होने पर लोगों ने यूपी-100 पुलिस को सूचना दी। यूपी-100 की टीम के साथ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुबह ट्राला को हटाया गया। पुलिस ने ट्राला को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार घटना में लालजी का तीन लाख, ओमजी का सात लाख, अमरीश बंसल का छह लाख, जितेंद्र बंसल का दस लाख, राकेश नाथ का 50 हजार तथा विपिन चंद्र गुप्ता के मकान में चार लाख की क्षति होना दर्शाया है।
नया शहर डूबा अंधेरे में
ट्राला के टकराने से क्षतिग्रस्त हुए बिजली के खंभे व लाइनों के कारण पूरा नया शहर अंधेरे में डूब गया। नौरंगाबाद चौराहा, साबितगंज चौराहा, रामगंज चौराहा, तकिया आजाद गान, नेबिल रोड आदि कई मोहल्ले इस घटना के बाद अंधेरे में डूब गए। इसके अलावा मानिकपुर मोड़ चौराहा पर सीमेंट के खंभे को तोड़ने से उस क्षेत्र की भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। अधिशाषी अभियंता विशंभर सिंह ने बताया कि ट्राला द्वारा दो खंभे तोड़े गए जबकि लाइनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इससे गुरुतेगबहादुर सबस्टेशन, मानिकपुर मोहन सबस्टेशन व सुंदरपुर सबस्टेशन से आपूर्ति वाले क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। हालांकि कुछ क्षेत्रों की रात में ही आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। घटना वाले इलाकों में सोमवार को दोपहर बाद आपूर्ति बहाल हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में विभाग का करीब एक लाख से अधिक की क्षति हुई।
खंभे व तारों के टूटे पड़े होने से आवागमन बाधित
रात में ट्राला द्वारा खंभे तोड़ने तथा दुकानों में ट्राला के फंसे होने से आवागमन बाधित रहा। सुबह पुलिस ने काफी मशक्कत करके ट्राला को बाहर निकाला। उसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर ठेकेदार अशोक वर्मा ने लाइनों को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू किया। इसके चलते नया शहर चौराहा पर आवागमन प्रभावित रहा। लाइनें दुरुस्त होने के बाद आवागमन सुचारु हो सका।
- बेकाबू ट्राला ने तोड़े खंभे, नया शहर की बिजली गुल
- पांच दुकानें क्षतिग्रस्त, बिजली विभाग को एक लाख से अधिक का नुकसान
- दुकानों का भी लाखों का नुकसान, एक मकान भी आया चपेट में
फोटो16,17 एवं 18- नया शहर चौराहे पर ट्राला के दुकानों में घुसने के बाद दुकान से मलबा हटाते एवं विद्युत पोल और तार ठीक करवाते बिजली कर्मचारी