शास्त्री चौराहे पर लगे खराब सीसीटीवी कैमरे।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में अपराधियों पर निगाह रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। इन कैमरों का सीधा संबंध पुलिस लाइन में लगे कंट्रोल रूम से है। लेकिन इनके खराब होने से शहर की निगरानी नहीं हो पा रही है। पुलिस विभाग ने कैमरों को ठीक कराने के लिए कोई पहल नहीं की है।
शहर में तत्कालीन एसएसपी मंजिल सैनी ने प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। कैमरे शास्त्री चौराहा, नौरंगागबाद चौराहा, नगर पालिका चौराहा व लाइन पार के भरथना चौराहे पर लगाए गए थे। इनके जरिये शहर में जाम और लोगों की गतिविधियों पर कंट्रोल रूम में बैठा ऑपरेटर निगाह रखता था। वह उस क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को इसकी जानकारी देता था। इसके अलावा अपराध कर भागने वालों की पहचान भी इन कैमरों के द्वारा की जाती थी। लेकिन काफी दिनों से चौराहों पर लगे कैमरे खराब हैं। इन खराब कैमरों को सही कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की है। चौराहों पर ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मी भी कैमरों की नजर से बचे है। इस संबंध में सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि शहर के प्रमुख शास्त्री चौराहे का कैमरा खराब है। बाकी कैमरे सही हैं। कैमरे सही कराने के लिए संबंधित कंपनी को को लिखा गया है। जल्द ही खराब कैमरे को सही करा दिया जाएगा।