दिल्ली में 26 अगस्त को वृद्ध महिला की हत्याकर ट्रेन से भागते समय हत्यारोपी किशोर को गुरुवार को इटावा की क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ लिया। आरोपी किशोर के पास वृद्धा के घर से लूटे गए पौने चार लाख रुपये भी पुलिस ने बरामद किए हैं। आरोपी महिला के घर पर ही नौकरी करता था।
गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने इटावा की एसएसपी मंजिल सैनी से संपर्क कर बताया कि एक किशोर पहाड़गंज निवासी वृद्ध की हत्या कर लूटपाट के बाद फरार हो गया है। उसके मोबाइल की लोकेशन इटावा के आसपास मिल रही है।
एसएसपी मंजिल सैनी ने क्राइम ब्रांच टीम प्रभारी आलोक राय व सर्विलांस प्रभारी अनिल यादव को आरोपी किशोर को पकड़ने के निर्देश दिए। मोबाइल पर मिल रही लोकेशन के आधार पर पुलिस ने इटावा कानपुर के बीच मगध एक्सप्रेस से किशोर को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास से लूटे गए तीन लाख, 73 हजार रुपये बरामद हुए। सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसने पकड़े गए किशोर को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लिया और दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
एसएसपी मंजिल सैनी ने आरोपी को पकड़ने वाली टीम को नगद इनाम व प्रशस्ति पत्र दिए जाने की भी घोषणा की। बताते चलें कि दिल्ली के पहाड़गंज थाना क्षेत्र के ए 41 गली नंबर चौदह डबल स्टोरी मोतियाखान निवासी वृद्धा शांति चोपड़ा अपने घर में अकेली रहती थीं।
उन्होंने अपने घर में झारखंड राज्य के 16 वर्षीय किशोर को नौकरी पर रखा था। 26 अगस्त को दिन में मौका पाकर आरोपी किशोर ने शांती चोपड़ा की हत्या कर दी और घर से नगदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गया। इस मामले में मृतका के रिश्तेदार शिवम पुत्र आकाश नागर निवासी एन 41 थर्ड फ्लोर कीर्ति नगर वेस्ट दिल्ली ने किशोर के खिलाफ हत्या और लूट की एफआईआर दर्ज कराई थी।