फोटो 09:: लुधयानी मार्ग पर भी होगा मरम्मत का काम। संवाद
इटावा। जिले की खस्ताहाल सड़कों पर हिचकोले खाकर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले की 28 सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इन कार्यों पर करीब 56.65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों के दुरुस्त होने से राहगीरों को गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से राहत मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से मुख्य मार्गों तक आवागमन सुगम हो सकेगा।
लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-तीन की ओर से जिले की विभिन्न सड़कों को दुरुस्त करने की तैयारी की गई है। इसके तहत भरथना क्षेत्र के विभिन्न संपर्क मार्गों के साथ ही सैफई क्षेत्र के मार्गों पर भी मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। चिह्नित सड़कों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराकर उन्हें आवागमन के योग्य बनाया जाएगा।
विभाग की ओर से चयनित 28 कार्यों पर अलग-अलग धनराशि खर्च की जाएगी। इनमें करीब 1.20 लाख रुपये से लेकर 2.85 लाख रुपये तक के कार्य शामिल हैं। इसमें प्रमुख रूप से भरथना-बकेवर-इटावा मार्ग, भरथना-ऊसराहार मार्ग, ऊसराहार मार्ग, भरथना से नहर मार्ग, पचपेड़ा से संबंधित संपर्क मार्ग, राज्य मार्ग-2 से बिजौली-लुधियानी मार्ग, बकेवर-भरथना मार्ग, चकरनगर मार्ग, महेवा मार्ग सहित कुछ 28 मार्गों को शामिल किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मलिखान ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत सुधरने से किसानों, विद्यार्थियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।