इटावा। वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 251.48 करोड़ रुपये की जिला योजना को शुक्रवार को मंजूरी दी गई। जिले के प्रभारी एवं मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान सूर्य प्रताप शाही ने जिला योजना की संरचना को अंतिम रूप दिया। कहा कि अवमुक्त धनराशि से जो भी विकास कार्य कराए जाएं उसमें किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न करें। सभी कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय से पूरे करें। जनप्रतिनिधि निर्माणाधीन कार्यों पर पैनी नजर रखें।
विकास भवन में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन आयल सीड्स में 32 लाख, 60 लाख पशु चिकित्सा एवं पशु स्वास्थ्य तथा रोग निदान के लिए 60 लाख, गाय एवं भैंसों के कृतिम गर्भाधान पशु प्रजनन सुविधाओं के विस्तार एवं सुधार को 60 लाख, भेड़ प्रजनन क्षेत्र की स्थापना एवं स्वास्थ्य सेवाओं की योजना को 2 लाख, सूकर प्रजनन प्रक्षेत्रोम के विस्तार योजना में एक लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया।
इसके अलावा दुग्ध विकास में 155 लाख, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पौधरोपण के लिए 1420 लाख, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में 1930 लाख, मनरेगा में 4000 लाख,निजी लघु सिंचाई योजना में 711 लाख का परिव्यय स्वीकृत किया गया। ग्राउंड वाटर चार्जिंग/चेकडेम/बोरिंग गोदाम हेतु 225 लाख, जनपद में सड़क एवं पुल के अंतर्गत ग्रामीण मार्गो के पुर्ननिर्माण को 100 लाख एवं नवीन ग्रामीण सड़कों के निर्माण को 300 लाख स्वीकृत किए। सर्व शिक्षा अभियान में 1250 लाख, मिड-डे- मील येाजना में 1800 लाख स्वीकृत किए।
स्वास्थ्य मिशन येाजना में 100 लाख, होम्योपैथी चिकित्सालयों की स्थापना को 20 लाख ,आयुर्वेदिक चिकित्सा में आयुर्वेदिक /यूनानी चिकित्सालय के भवन निर्माण को 15 लाख स्वीकृत हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना में 3306 लाख, नगरीय विकास पेयजल योजना में 330 लाख, वृद्धावस्था पेंशन में 3600 लाख, पारिवारिक लाभ येाजना में 450 लाख, महिला कल्याण योजना में निराश्रित महिलाओं को सहायक अनुदान में 1650 लाख का के प्रस्ताव स्वीकृत किये गये।
इस अवसर पर सांसद राम शंकर कठेरिया, विधान परिषद सदस्य मानवेन्द्र सिंह, विधायक सदर सरिता भदौरिया, विधायक भरथना सावित्री कठेरिया, जिला अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह धाकरे, छत्रपाल सिंह सेंगर, शिव महेश दुबे, जिलाधिकारी श्रुति सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा एनएस तोमर मौजूद रहे।