भरथना (इटावा)। पक्केताल के पास मंगलवार को तारों में स्कार्किंग होने से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। हादसे में पांच किसानों की 24 बीघा फसल जलकर राख हो गई। दमकल और ग्रामीणों ने आसपास के खेतों की फसल को बचाया।
मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे क्षेत्र अंतर्गत पक्केताल के नजदीक स्थित खेत से निकले बिजली के तार आपस में टकरा गए। जिससे निकली चिंगारी गेंहू के खेत में गिरी। खेत में पकी फसल खड़ी थी, जिससे चिंगारी से आग धधक उठी। तेज हवा की वजह से कम समय में ही आग ने बड़े एरिया को चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। दमकल विभाग को सूचना देकर आग बुझाने में जुट गए। क्षेत्रीय लेखपाल अनिल कुमार ने बताया कि बिजली के तारों से निकली चिंगारी की वजह से कैलाशपुरा गांव की सरोजवती की तीन बीघा, नगला पछाय के रामवीर की पांच बीघा, रघुवीर की चार बीघा, नगला अहिरानी के रामवीर की आठ बीघा और ककराई के तिलक सिंह की चार बीघा फसल जलकर राख हो गई।
दो घरों में लगी आग, सामान जला
नगला रामदीन (काठमउ) में दोपहर करीब दो बजे गांव निवासी सिपाहीराम के छप्पर में आग लग गई। रामदीन और ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। आग पड़ोसी अजय कुमार के घर तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने आधा घंटे में आग पर काबू पाया। सिपाही राम के दो छप्पर, पंखा,चारपाई जल गए। अजय कुमार का जेनरेटर, बाइक, साइकिल, दरवाजा आदि जल गया। लेखपाल धर्मेंद्र कुमार ने मौका मुआयना किया।