क्षेत्र के पालीखुर्द गांव में चुन्नी की मड़ैया में निर्मित मॉडल का लोकार्पण सोमवार को सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने फीता काटकर किया।
उन्होंने बताया कि जिले में 23 मॉडल पार्क तैयार हो चुके हैं, 11 पर काम जारी है। उन्होंने युवा पीढ़ी से देश की रक्षा करने व गांव के विकास में अपना योगदान देने का आवाहन किया।
उन्होंने कहा कि मॉडल पार्क से गांव के लोगों खासकर बच्चों को प्रदूषण मुक्त मनोरंजन का साधन व सुविधा मिली है।
गांव के युवाओं को पार्क में ओपन जिम से व्यायाम करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने मॉडल पार्क का कार्य पूरा कराने पर सीडीओ व ग्राम प्रधान को बधाई दी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सावित्री कठेरिया ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। किसान, मजदूर सहित सभी वर्गों के लिए लाभकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
सीडीओ राजा गणपति आर ने कहा कि जिले में 25 में से 23 मॉडल पार्क तैयार हो चुके हैं। जबकि 11 मॉडल पार्कों पर कार्य चल रहा है। पालीखुर्द में बनाए गए मॉडल पार्क की लागत 25 लाख रुपये है। इसमें मनरेगा व अन्य विभाग के तहत कार्य कराया गया है।
इस दौरान जिला कार्य समिति सदस्य व नामित सभासद हरिओम दुबे, सांसद प्रतिनिधि श्रीभगवान पोरवाल, मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी, डॉ. धर्मेंद्र कुशवाह, श्याम पोरवाल, ग्राम प्रधान कृपाशंकर यादव,
विनोद कुमार, सहदेव सिंह, खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्रा, एडीओ अनिल बाजपेयी, जेई भावेश कुमार, सचिव रवि यादव, गामा यादव, हरिप्रकाश आदि मौजूद रहे।