इटावा। इकदिल के मानिकपुर मोड़ पर जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। मंगलवार दोपहर को एक बार फिर मानिकपुर मोड़ पर ट्रक खराब होने से जाम लगा गया। इससे करीब चार किलोमीटर तक आगरा-लखनऊ नेशनल हाईवे जाम से कराहा उठा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को किनारे कराकर जाम को खुलवाया। लेकिन तब तक जाम और लम्बा हो गया। एक ओर से यातायात को रोककर दूसरी तरफ से जाम खुलवाने के लिये पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मानिकपुर मोड़ पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसकी वजह से आगरा की ओर से आने वाले ट्रक ग्वालियर जाने के लिये मानिकपुर मोड़ से मुड़ते हैं। मंगलवार दोपहर को मानिकपुर मोड़ पर ही ट्रक खराब होने से जाम लगने लगा। हाईवे पर दबाव बढ़ते लिंक सड़कों पर दबाव बढ़ा। चंद मिनटों में आड़े-तिरछे वाहनों की लंबी कतार चार किलोमीटर तक पहुंच गई। जाम में आधा दर्जन से अधिक रोडवेज बसें फंसी रहीं और धूप में यात्रियों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत करनी पड़ी।
टीएसआई राजकुमार शर्मा ने कहाकि जाम की सूचना पर पहुंचे सिपाहियों ने खराब ट्रक को हटाकर जाम को खुलवाया। कुछ देर तक लोगों को परेशानी हुई है। लोगों का कहना हे कि करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा।