शहर से होकर निकलने वाली चितभवन नहर में फिर जुड़वा नवजात बालकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पांच दिन पूर्व भी नहर से दो नवजात के शव मिले थे। ग्रामीणों की सूचना पर इकदिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मंगलवार दोपहर जब कुछ लोग चितभवन नहर के पास से गुजर रहे थे तभी उन्होंने नहर में दो नवजात बालकों के शव देखे। कुछ ही देर में मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। लोगों ने इसक ी सूचना इकदिल पुलिस को दी। नहर में पांच दिनों के अंदर चार नवजातों के शव मिलने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीण इस मामले में नहर के आस पास के अस्पतालों को संदिग्ध मान रहे हैं। तीन मार्च को भी नहर में घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही दो नवजातों के शव मिले थे। पिछली बार दोनों शव पास में ही अलग-अलग पड़े थे। इस बार मिले शव सफेद रंग के अंगौछे और लाल साड़ी के टुकडे़ में लिपटे पाए गए। पुलिस मान रही है कि मृत जन्मे नवजातों को हिंदू धर्म में जल प्रवाह करने की मान्यता है। संभावना है कि इन नवजात के शवों को भी किसी ने जल में बहा दिया हो।