अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
भरथना रेलवे स्टेशन की अप लाइन पर गुरुवार रात एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसका शव ट्रैक पर ही पड़ा रहा। मेन ट्रैक पर शव के पड़े होने के चलते अप लाइन से गुजरने वाली प्रयागराज सहित दो ट्रेनों को भरथना रेलवे स्टेशन पर रोका गया। करीब 20 मिनट बाद ट्रैक से शव हटाकर दिल्ली-हावड़ा अप रूट पर ट्रेनों का आवागमन सुचारु कराया गया।
भरथना रेलवे स्टेशन और कंधेसी फाटक के बीच गुरुवार रात एक शव के पड़े होने की सूचना इकदिल स्टेशन से भरथना रेलवे स्टेशन मास्टर को दी गई। उन्हाेंने इलाहाबाद से दिल्ली की ओर जा रही 2417 प्रयागराज एक्सप्रेस को रात 1.52 बजे भरथना स्टेशन पर रोक दिया। कानपुर से दिल्ली जा रही 2275 दूरंतो एक्सप्रेस को भी भरथना स्टेशन के प्लेटफार्म तीन पर रात 1.58 बजे रोका गया। रेलवे स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर शव को ट्रैक से हटवाया। 20 मिनट बाद दोनों सुपरफास्ट एक्सप्रेस गाड़ियों को रवाना किया गया। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
- दिल्ली हावड़ा अप रूट पर 20 मिनट खड़ी रहीं ट्रेनें
- मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी