सीबीएसई कक्षा 10 एवं 12 की कॉपियों का मूल्यांकन शनिवार से शुरू हुआ। सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. आनंद ने बताया कि इटावा में तीन नोडल सेंटर संत विवेकानंद (आवासीय) पब्लिक स्कूल, सेंट मेरीज इंटर कॉलेज तथा सुदिति ग्लोबल एकेडेमी पर लगभग 22 एचई एवं लगभग दो सौ परीक्षक कॉपियों का मूल्यांकन करेंगे।
डा0 आनंद ने बताया कि कक्षा 12 की अंग्रेजी की कॉपियों का मूल्यांकन प्रारंभ हो चुका है। कक्षा 12 की भौतिक विज्ञान एवं कक्षा 10 की गणित की कॉपियों का मूल्यांकन भी शनिवार से प्रारंभ हो रहा है।
सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. आनंद ने बताया कि सीबीएसई कॉपियों के मूल्यांकन में पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाता है। प्रत्येक नोडल सेंटर पर, चीफ नोडल सुपरवाइजर का नियंत्रण होता है।
एचई के साथ विषय के एएचई तथा दो कोऑर्डिनेटर भी कॉपियों की री-चेकिंग तथा री-टोटलिंग करते हैं। परीक्षक एक दिन के 8 से 10 घंटे में अधिकतम 25 कॉपियों का मूल्यांकन ही कर सकते हैं।
मूल्यांकन कार्य की निरंतरता तथा पवित्रता को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्रीय कार्यालय ने निर्देश दिया है कि सभी स्कूलों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य अपने-अपने अध्यापकों को बिना किसी विलंब के सीएनएस अथवा एचई की सूचना के उपरांत तुरंत ही कॉपी चेकिंग कार्य के लिए कार्यमुक्त करें।
सिटी कोऑर्डिनेटर ने बताया कि सभी एचई को अपना कार्य पूर्ण निष्ठा एवं परिश्रम के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहाकि वो सभी नोडल सेंटर पर समय-समय पर एचई के कार्य का निरीक्षण करेंगे।
डॉ. आनंद ने बताया कि वरिष्ठ प्रधानाचार्यों की एक टीम भी परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य के निरीक्षण के लिए गठित की जा रही है।
शिक्षकों को जानकारी देते कोऑर्डिनेटर डॉ. आनंद।
25 कॉपियों का मूल्याकन करेंगे शिक्षक
सीबीएसई की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू