होली पर मिलावटी खोया के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग टीम शनिवार को वैदपुरा थाना क्षेत्र के दो गांवों में संचालित भट्ठियों का निरीक्षण करने पहुंची, लेकिन टीम के आने की भनक लगते ही भट्ठी संचालक भाग गए।
टीम किसी भी भट्ठी से खोया का सैंपल नहीं ले पाई। टीम ने नायकपुर व शहर से दो नमूने एकत्रित किए जबकि उदी मोड़ पर मौजूद चाट- पकौड़े वालों को रंगों का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी।
होली पर खोया की खपत बढ़ने से गांवों में कई भट्ठियां चल रही हैं। तमाम घरों में खोया तैयार हो रहा है। वैदपुरा क्षेत्र के गांव चंद्रपुरा व चितौली में कई भट्ठियां संचालित होने की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन गांवों का रुख किया।
पुलिस फोर्स के साथ टीम जब इन गांवों में पहुंची तो लोग चौकन्ने हो गए। लोग भट्ठी स्थलों पर ताला डाल कर इधर-उधर हो गए। खाद्य सुरक्षाधिकारी ओम प्रकाश यादव ने बताया कि भट्ठियां बंद मिलने से नमूने नहीं लिए जा सके।
विभागीय टीम ने शनिवार को पछायगांव थाना क्षेत्र के नायकपुर गांव से राजकुमार गुप्ता की भट्ठी से खोया और शहर स्थित नरेश चंद्र यादव के बल्देव मिष्ठान भंडार से सोनपापड़ी का नमूना लिया।
टीम ने उदी मोड़ पर ठेलों पर बिकने वाले चाट पकौड़ों को चेक किया। विक्रेताओं को चेतावनी दी कि वह रंगों का इस्तेमाल कतई न करें।
चंद्रपुरा व चितौली गांवों से भाग गए खोया भट्ठी संचालक
खाद्य सुरक्षा टीम नहीं ले पाई सैंपल