अमर उजाला ब्यूरो
सैफई। आठवीं सब जूनियर राष्ट्रीय हाकी चैंपियनशिप-2018 बालक ए डिवीजन में चौथे दिन मास्टर चंदगीराम हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में सात मैच खेले गए। उत्तर प्रदेश की टीम ने एकतरफा मुकाबले में मुंबई स्कूल स्पोर्ट एसोसिएशन की टीम को 35-0 के विशाल अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी जीत हासिल की।
शनिवार को खेले गए प्रथम मैच में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हॉकी कर्नाटक को 2-0 से पराजित किया। विजेता टीम ने खेल के पहले हाफ में 1-0 की बढ़त बना ली, टीम की ओर से राहुल सिंह और शारदानंद तिवारी ने एक-एक फील्ड गोल किया। कर्नाटक टीम की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल न कर सका। दूसरे मैच में गंगपुर उड़ीसा ने दिल्ली की टीम को 5-1 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से कप्तान संदीप चिरमाको के दो, अमनदीप लाकरा, दीपक एक्का व सुमित किंडो के एक-एक किए गोल ने मैच जिताया।
दिल्ली की ओर से प्रशांत ने एक मात्र गोल किया। तीसरे मैच में चंडीगढ़-हरियाणा खेल की समाप्ति पर 2-2 से गोल से बराबर रहीं। इस प्रकार यह मैच ड्रा रहा। चौथे मैच में झारखंड ने आंध्र प्रदेश को 6-4 से परािजत किया। विजेता टीम की ओर से कप्तान अमरदीप समर्थ कुजूर ने तीन, संदीप टोप्पो ने दो जबकि बिरसा ओरिया ने एक गोल किया। पराजित टीम से वेंकट नारायन दुबासी व हितेश राव लेकिल्ला ने दो-दो गोल किए। पांचवें मैच में पंजाब ने एमपी हॉकी एकेडमी को 5-2 से पराजित किया। दोनों टीमों की ओर से दो-दो गोल किए गए। छठवें मैच में मणिपुर ने छत्तीसगढ़ को 10-2 से पराजित किया। मणिपुर की टीम ने पांच गोल किए। छत्तीसगढ़ की टीम एक गोल कर सकी।
सातवें मैच में उत्तर प्रदेश हॉकी की टीम ने मुंबई स्कूल स्पोर्ट एसोसिएशन की टीम को 35-0 के विशाल अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी जीत हासिल की। विजेता टीम की ओर से सूरज सिंह ने छह, अख्तर अली व सौरभ आनंद ने पांच-पांच, विष्णुकांत ने चार, उत्तम सिंह, अदनान अहमद, शाहबाज खान ने तीन-तीन जबकि सामर्थ्य प्रजापति, अमित यादव, अजय यादव ने दो-दो गोल किए।
पराजित टीम की ओर से कोई भी खिलाड़ी गोल न कर सका।
इस अवसर पर हाकी इंडिया के चयनकर्ता पूर्व ओलंपियन गोविंदा, अशफाक उल्ला खान, राजेश गौड़, राममिलन, राजेश कुमार सोनकर, संतोष कुमार, बजरंग कुमार आदि खेलप्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता निदेशक डा. खालिद हुसैन, अंपायन/मैनेजर संजय भाटिया की देखरेख में संचालन किया जा रहा है।
- आठवीं सब जूनियर राष्ट्रीय हाकी चैंपियनशिप