पुलिस लाइन में चोरी के आरोप में पकड़े गए आरोपी एवं जानकारी देते एसएसपी वैभव कृष्ण।
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने दो माह पूर्व चुराई गई जेसीबी के साथ तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोरों के पास से पुलिस ने दो तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन के अलावा अन्य सामान बरामद किया है। तीनों मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों को जेल भेज दिया।
शनिवार को पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में जेसीबी चोरी का खुलासा करते हुए एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि 20 नवंबर को नई मंडी निवासी सोवरन सिंह की जेसीबी मंडी के पास खड़ी थी। रात के समय चोर जेसीबी को चुरा ले गए। सोवरन ने फ्रेंड्स कालोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जेसीबी की तलाश के लिए एसओ फ्रेंड्स कालोनी भोलू सिंह भाटी के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया था। टीम लगातार चोरों की तलाश में जुटी थी।
19 जनवरी को एसओ भोंलू सिंह भाटी अपने हमराह फोर्स के साथ बदमाशों की तलाश में थे तभी मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ लोग जेसीबी के साथ दतावली गांव के पास बनने वाले रेलवे के ओवरब्रिज के पास खड़े है। उक्त लोग एक जेसीबी को चुराना चाहते है। इस सूचना से उन्होंने क्राइम ब्रांच की टीम को अवगत कराया। दोनों टीमों ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर ली। पुलिस की भनक लगते ही चोरों ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। तलाशी में उनके पास से दो तमंचा, सात कारतूस, तीन मोबाइल के अलावा 2810 रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े चोरों ने अपने को जिला मुरैना के बंबरोला निवासी बंटी गुर्जर पुत्र सोवरन सिंह गुर्जर, रवि उर्फ प्रदीप पुत्र राम बिहारी व मध्य प्रदेश के जिला शिवपुरी के खादी निवासी विक्रम जाटव पुत्र अलकी उर्फ अनारा बताया।
उन्होंने उक्त जेसीबी को इटावा से चुराया था। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए तीनों शातिर अपराधी है। इन पर मध्यप्रदेश के मालनपुर आदि में भी मामले दर्ज हैं। इस मौके पर एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव एएसपी क्राइम महेश अत्री के अलावा सीओ सिटी अंजनी कुमार चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।
अवैध खनन में प्रयोग करते है चोरी की जेसीबी
तीनों शातिर अपराधी अवैध खनन के कारोबार से जुड़े है। उक्त लोग बाहरी जिलों से जेसीबी को चुराकर उसका प्रयोग अवैध खनन करने में करते हैं। एसएसपी ने बताया कि वह दूसरी जेसीबी को चुराने की फिराक में थे तभी वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उक्त लोग नदियों से बालू के अवैध खनन के अलावा बीहड़ से मिट्टी का खनन कर उसे बेचने का काम करते है। पुलिस का छापा पड़ता है तो वह जेसीबी को छोड़कर भाग निकलते है।