फोटो: 18 वर-वधु को आशीर्वाद देते सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव। संवाद
भारत विकास परिषद संस्कार ने किया कन्या विवाह समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा ने पंद्रहवां सामूहिक कन्या विवाह समारोह का आयोजन रविवार को रामलीला परिसर में किया। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव ने 16 जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन न केवल पुण्य कार्य हैं, बल्कि समाज में एकता और समरसता का संदेश भी देते हैं। इसमें जाति-पाति का कोई भेदभाव नहीं होता जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलती है। संस्था के अध्यक्ष हरीमोहन राजपूत व विवाह संयोजक श्याम मोहन गुप्ता ने बताया कि परिषद पिछले 14 वर्षों से निरंतर इस आयोजन को करती आ रही है और अब तक 350 से अधिक कन्याओं का विवाह संपन्न करा चुकी है।
बरात की शुरुआत राम मंदिर रेमलंडी से हुई, जो लघुपुरा, सदर बाजार होते हुए मिडिल स्कूल पहुंची, जहां संस्था के सदस्यों ने बरात का स्वागत किया। अनुज मोंटी यादव, विश्वनाथ प्रताप सिंह, राहुल गुप्ता, अजेंद्र गौर, विनोद यादव, विकास यादव, सचिव मनोज गुप्ता, कोषाध्यक्ष गणेश यादव, विवाह प्रभारी राजवीर सिंह यादव एवं जवाहरलाल शाक्य, गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।