इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौबिया पड़ाव पर ट्रांसफार्मर के पास स्थित परचून की दुकान में बुधवार रात को ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से आग लग गई। लपटें उठती देख दुकानदार व ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। स्थिति काबू में आती तब तक दुकान में रखा सामान चल गया। हादसे में दुकानदार भी झुलस गया है।
क्षेत्र के गांव जैनपुरा निवासी अरविंद यादव उर्फ बाबा पुत्र बारे लाल ने चौबिया पड़ाव पर ट्रांसफार्मर के पास लोहे की बड़ी सी दुुकान बनवाकर रख ली थी। दुुकान में परचून के सामान के अलावा टीवी, फ्रिज के अलावा अन्य सामान रखा था। बुधवार की शाम करीब आठ बजे वह दुुकान बंद कर घर चला गया। तभी अचानक ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी दुकान में जाकर गिर गई। इससे दुुकान में आग लग गई। लपटें देख अरविंद अपने परिवार व गांव के लोगों के साथ दुुकान पर पहुंचे। अरविंद के पुत्र गोलू ने शटर खोलने का प्रयास किया तो वह आग की चपेट में आने से झुलस गया। गांव के लोगों ने किसी तरह से शटर खोला और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लोग जब तक आग पर काबू पाते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। अरविंद ने बताया कि आग ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी के गिरने से लगी है। आग लगने से उसका करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है।