अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
शिकोहाबाद से कानपुर की ओर बुधवार सुबह जाने वाली पैसेंजर ट्रेेन के अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के स्थगित होने से, छोटे-छोटे स्टेशनों को जाने वाले यात्रियों को गलन भरी ठंड में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए स्थानीय रेलवे प्रशासन ने सुबह नौ बजे आई विक्रमशिला एक्सप्रेस को इटावा से कानपुर तक पैसेंजर ट्रेन के रूप में रवाना किया गया।
गौरतलब है कि शिकोहाबाद-कानपुर पैसेंजर ट्रेन सुबह सात बजे इटावा आने के बाद कानपुर तक पड़ने वाले हर ब्लॉक हट या छोटे स्टेशनों पर रुकती हुई जाती है। हफ्ते भर से टूंडला से कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का संचालन दस जनवरी तक स्थगित कर दिया गया है। हालांकि अभी यह पता नहीं चल सका है कि यह पैसेंजर ट्रेन गुरुवार से चलेगी या फिर से इसका संचालन स्थगित रहेगा। कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। ऐसे में पैसेंजर ट्रेन को स्थगित कर दिये जाने से दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी होती है। शिकोहाबाद से कानपुर की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन बुधवार को कैंसिल होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। विक्रमशिला एक्सप्रेस को स्टेशन पर रोककर यात्रियों को रवाना किया गया।
- पैसेंजर रद्द होने से परेशान हुए हजारों यात्री
- विक्रमशिला एक्सप्रेस को रोककर यात्रियों को किया गया रवाना