इटावा। चंबल वन्य जीव विहार आगरा सोसायटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर स्कॉन व केअर के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को वन विश्राम परिसर में गोष्ठी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि विधायक भरथना श्रीमती सावित्री कठेरिया ने कहा कि प्रवासी पक्षी सर्दियों में ठंडे देशों से हमारे देश में प्रवास के लिए आते हैं और गर्मी प्रारंभ होते ही वापस चले जाते हैं। इस दौरान झीलों, तालाबों, नदियों और पोखरों में रहते हैं। कभी कभी यह शिकारियों की भेंट चढ़ जाते हैं।
आनंद कुमार उप वन वन संरक्षक ने कहाकि प्रकृति में मौजूद जीवों के अस्तित्व एवं संख्या में एक प्राकृतिक संतुलन है। इस प्रकार प्रकृति के जीव एक बहुत बड़ी श्रृंखला के रूप में रहते हुए जीवन यापन करते हैं यदि एक कड़ी भी टूट जाए तो प्रकृति का सारा संतुलन बिगड़ जाएगा व जीवन धारा अवरुद्ध व नष्ट हो जाएगी। वन क्षेत्राधिकारी चंबल इटावा सर्वेश भदौरिया ने कहा कि सरकार द्वारा वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक वास के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों को सफलता जन सहयोग के बिना मिलना संभव नहीं है पृथ्वी पर मानव अस्तित्व ओर उनके चारों और वातावरण को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक वास को संरक्षण प्रदान करने का दायित्व प्रत्येक व्यक्ति का है।
स्कॉन सचिव संजीव चौहान ने बताया कि इस समय यहां पर विभिन्न प्रजातियों के पक्षी शावलर, रेड क्रिस्टेड पोचर्ड, पिनटेल, गारगेनी, इंडियन स्कीमर आदि विचरण के लिए आए हुए है। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में कई विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया प्रथम स्थान जु. आरती द्वितीय स्थान कु. रूबी तृतीय स्थान विपेंद्र सिंह को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का संचालन राहुल जादौन वन दरोगा ने किया। केआर महासचिव खेम बहादुर सिंह ने कार्यक्र म को सफल बनाने में दिए गए योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वीरेंद्र पाल सिंह, चंद्रभान सिंह, मोहम्मद शरीफ, धर्मेंद्र, राजेश, गोविंद रोहित सिद्धार्थ, संतोष कुमार श्रीवास्तव, विकास, लक्ष्मी, विष्णु पाल सिंह, अजय, राजेंद्र, रमाशंकर मिश्रा, बिहारी सिंह, गौरव एवं सौरभ सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा।