एसडीएम को ज्ञापन देते कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उदयभान। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
स्कूल में छुट्टा मवेशियों बंद करने के मामले में समथर गांव के किसानों पर लगाए गए मुकदमे का मामला तूल पकड़ गया। शुक्रवार को कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। किसानों पर लगाए गए मुकदमों को वापस लेने की मांग कर एसडीएम को ज्ञापन दिया।
ताखा तहसील क्षेत्र के समथर गांव में खेतों की फसल को बचाने के लिए गोवंशों को स्कूल में बंद करने के मामले में किसानों पर किए गए मुकदमे पर प्रशासन की चारों ओर से किरकिरी हो रही है। लगभग सभी राजनीतिक दल किसानों पर लगाए गए मुकदमों का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। सभी समाजसेवी भी किसानों के साथ खड़े हुए हैं। वहीं किसान सभा ने भी किसानों के समर्थन में 4 जनवरी को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का एलान कर दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ समथर गांव पहुंचे। किसानों से उनका हालचाल पूछा। किसानों ने बताया मुकदमा दर्ज होने के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। कोई भी किसान खेतों पर रखवारी भी नहीं करने जा पा रहा है।
पता ही नहीं चलता है कि मुकदमे में पुलिस किस को जेल भेज देगी। ग्रामीणों ने बताया उनका तो दोष मात्र इतना है कि वे खेतों में खड़ी फसल को जानवरों से बचाने में लगे थे। इसी के चलते छुट्टा गोवंशों को विद्यालय में बंद कर दिया था। सुबह होते ही जानवरों को विद्यालय से बाहर निकाल दिया जाता। लेकिन उन्हें मुकदमों में इस तरीके से फंसाया गया है, जैसे वे बड़े अपराधी है। उदयभान सिंह यादव ने कहा कि किसानों के सम्मान के लिए कांग्रेसी प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने तुरंत मुकदमा वापस लेने एवं गिरफ्तार किसानों को रिहा करने की मांग की है। इस दौरान संजय दोहरे, संदीप कुमार, रफीक मोहम्मद, सुलखान सिंह आदि मौजूद रहे।