इटावा। जीआईसी मैदान से शनिवार को भाजपा की इटावा लोकसभा की कमल संदेश बाइक रैली निकाली गई। इसमें पार्टी समर्थक और कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल हुए। रैली में शामिल लोग पार्टी का झंडा और नारंगी रंग का पटका गले में डाले रहे। इस दौरान वंदेमातरम, भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे लगाते रहे। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने कहा कि केंद्र की मोदी की सरकार के कामों से भारत का मस्तक विश्व के मानचित्र पर ऊंचा हुआ है। रोजगार शिक्षा व रक्षा का क्षेत्र हो या फिर स्वच्छता या बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का क्षेत्र, प्रत्येक में मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। कमल संदेश यात्रा में शामिल आठ हजार से अधिक कार्यकर्ता इस बात के परिचायक हैं कि 2019 में केंद्र में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
जिलाध्यक्ष शिव महेश दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा दल है जो इस देश को परम वैभव के रास्ते पर ले जाने का काम करता है। भारतीय जनता पार्टी ऐसा दल है जो जाति बंधनों से ऊपर उठकर काम करता है। यह कोई पारिवारिक दल नहीं है इस दल में कोई भी छोटा सा कार्यकर्ता कभी भी पार्टी के बड़े पद पर बैठ सकता है। कोई भी विधायक और सांसद तथा प्रधानमंत्री बन सकता है। नरेंद्र मोदी एक सामान्य से परिवार में पैदा हुए अपनी मेहनत और संगठन की निष्ठा के आधार पर देश के प्रधानमंत्री बने। जिस सोच को लेकर प्रधानमंत्री काम कर रहे हैं वह सोच इस देश को विश्वगुरु के रूप में स्थापित करेगी। औरैया की जिलाध्यक्ष गीता शाक्य ने कार्यकर्ताओं का उत्साह वर्धन किया। कहा इसी उत्साह के साथ हमें प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को ताकत प्रदान करनी है और पुन: देश की कमान मोदी के मजबूत हाथों में सौंपने है। कमल संदेश बाइक यात्रा जीआईसी मैदान से शास्त्री चौराहा, नौरंगाबाद चौराहा, नगर पालिका चौराहा, राजागंज चौराहा होते हुए टैक्सी मंदिर, बाइस ख्वाजा, एसएसपी चौराहा होते हुए शास्त्री चौराहे पर समाप्त हुई।
कार्यक्रम को सांसद अशोक दोहरे एवं इटावा लोकसभा के अंतर्गत आने वाली पांचों विधानसभा क्षेत्रों के विधायक सरिता भदौरिया, सावित्री कठेरिया, लाखन सिंह राजपूत, रमेश दिवाकर, अजीत पाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान लोकसभा के प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान, अजय धाकरे, शिवाकांत चौधरी, राजवर्धन सिंह भदौरिया, विकास भदौरिया, जितेंद्र जैन हैप्पी, जिला मंत्री बासु चौधरी, हरेश दीक्षित, विनीता गुप्ता, रजत चौधरी, प्रभात दीक्षित, प्रवीण पचौरी, मधु तोमर, बिरला शाक्य, मीडिया प्रभारी जितेंद्र गौड़, अमित पटसारिया, औरैया से रजनीश पांडे जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू राजावत, अवनीश ठाकुर, श्यामू अवस्थी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पूनम शंखवार, मुनींद्र शुक्ला, राकेश शर्मा, प्रिंस गुप्ता, अरविंद पोरवाल,शिवेंद्र मानु, विवेकानंद पाठक आदि उपस्थित रहे।
भाजपा की कमल संदेश यात्रा के दौरान यातायात नियमों की जमकर धज्जियां भी उड़ीं। एक ओर इन दिनों यातायात माह चल रहा है। ऐसे में बाइक रैली में ज्यादातर कार्यकर्ता बगैर हेलमेट लगाए शामिल रहे सभी केसरिया टोपी लगाए हुए थे। कुल मिलाकर यातायात माह में यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़तीं रहीं। बाइक रैली के दौरान प्रमुख सड़कों पर जाम लगने से राहगीर समेत छोटे बड़े वाहन सवार भी परेशान रहे और उन्हें काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। ऐसी स्थिति के चलते यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जीआईसी मैदान के सामने मात्र एक होमगार्ड से व्यवस्था नहीं संभल पार रही थी।
कमल संदेश बाइक रैली नौंरगाबाद चौराहा, छैराहा, टिक्सी मंदिर, बाइस ख्वाजा रोड, नुमाइश चौराहा, एसएसपी चौराहा होती हुई शास्त्री चौराहा पहुंची। जिसमें सांसद अशोक दोहरे के अलावा सदर विधायक सरिता भदौरिया, भरथना विधायक सावित्री कठेरिया, जिलाध्यक्ष शिव महेश दुबे, प्रशांत राव चौबे, इटावा लोकसभा क्षेत्र के संयोजक श्रीकांत पाठक, विवेक भदौरिया,महेवा ब्लॉक प्र्रमुख अशोक चौबे, अन्नू गुप्ता, कृपा नरायन तिवारी आदि के अलावा लोकसभा क्षेत्र में शामिल पांचों विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता बढ़ी संख्या में शामिल रहे।
जाम में निकलने को दो पहिया वाहन सवार जाम से निकलने को बेबस दिखाई पड़ रहे थे। कुछ स्कूली वाहन तथा रोडवेज की बसें तक जाम की वजह से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहीं थी। जाम में फंसे लोगों को वाहनों से निकलने वाले धुएं की वजह से परेशान होते देखा गया। कुल मिलाकर भाजपा की कमल बाइक संदेश यात्रा से जाम तो लगा ही साथ ही यातायात नियमों की धज्जियां भी जमकर उड़ीं।
भाजपा कमल संदेश यात्रा में जीआईसी मैदान पर कार्यकर्ताओं के खाने की व्यवस्था सांसद अशोक दोहरे की ओर से की गई थी। इस दौरान करीब 15 हजार कार्यकर्ताओं के स्वादिष्ट खाने की व्यवस्था सांसद प्रतिनिधि गोपाल मोहन के दिशा निर्देशन में र्की गई थी।
-भाजपा कमल संदेश यात्रा में उमड़े पांचों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो