यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन मंगलवार की सुबह चार केंद्रों पर शुरू हो गया।
पहले दिन 517 परीक्षकों को बुलाया गया था जिसमें से 400 पहुंचे। मूल्यांकन के लिए न पहुंचने वाले शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
मंगलवार सुबह पहले गेट पर ही परीक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। परीक्षकों के बीच नियमों के मुताबिक दूरी भी रखी गई है।
जीआईसी, जीजीआईसी, सनातन धर्म इंटर कॉलेज व इस्लामिया इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस राजू राणा ने इन चारों केंद्रों का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि जो परीक्षक कापियां जांचने के लिए नहीं पहुंचे हैं उन पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इन शिक्षकों पर नो वर्क-नो पे व्यवस्था लागू करके उनका वेतन काटा जाएगा।
सेवा शर्तों के मुताबिक अन्य कार्रवाई भी की जाएगी। मंगलवार को सुबह दस बजे से ही परीक्षकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था और दोपहर तक परीक्षक आते रहे।
ऐसी संभावना है कि बुधवार को परीक्षकों की संख्या और बढ़ जाएगी। परीक्षक अपने-अपने कक्ष में मास्क लगाकर व हैंड ग्लव्स पहनकर मूल्यांकन का कार्य करते रहे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही परीक्षकों को अंदर जाने की अनुमति दी गई।