इटावा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ेगी। कोविड 19 प्रोटोकाल के अनुसार परीक्षा केंद्रों की संख्या 100 तक हो सकती है। जिले से करीब 140 विद्यालयों ने आवेदन किए हैं। बोर्ड से 11 जनवरी के बाद संभावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की जाएगी।
पिछले वर्ष जिले में 64 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। उस समय कक्ष में 35 से 40 परीक्षार्थियों के बैठने का नियम लागू था। इस साल कोविड-19 के चलते एक परीक्षा कक्ष में 14 परीक्षार्थी ही बैठेंगे। जानकारी के मुताबिक हाईस्कूूल में लगभग 24 हजार 500 और इंटरमीडिएट में 20 हजार 626 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों में फर्नीचर और उपयोग में आने वाले कक्षों की संख्या को भी बढ़ाना होगा। सह जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मुकेश यादव ने बताया कि विद्यालयों ने परीक्षा केंद्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।