एटा। डंपर की चपेट में आने से घायल हीरापुर गांव निवासी युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल में बृहस्पतिवार की रात उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को परिजन शव लेकर एटा पहुंचे जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
थाना मिरहची क्षेत्र के गांव हीरापुर निवासी सोनू ने बताया कि मंगलवार को मोनू एक धर्मकांटा के पास खड़ा था। तभी डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन पीछे कर दिया जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मोनू खेती-किसानी करता था। उसके परिवार में चार साल की बेटी कीर्ति और तीन साल का बेटा है। सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि हादसे में घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत की जानकारी पर पुलिस पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। इसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।