पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतक के परिजन ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। पिलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव नगला बंथल निवासी 20 वर्षीय युवक 30 मई की शाम को लापता हो गया था। उसी दिन परिजन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार रात उसका शव हजारा नहर के पास एक गड्ढे में पड़ा मिला। युवक को गोली मारकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव बंथल निवासी रंजीत ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि उसका 19 वर्षीय भाई कुलदीप 30 मई की शाम से लापता था। खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चला तो 31 मई को पिलुआ थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत हजारा नहर किनारे के गड्ढों को भरने का कार्य किया जा रहा है। जहां शनिवार को जेसीबी चालक ने थाना पुलिस को एक शव पड़ा होने की सूचना दी। पुलिस ने उसके परिजन को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे देखा तो पता चला शव कुलदीप का है।
उसने बताया किसी व्यक्ति ने उसके सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की है। वहीं पुलिस को शव के पास एक एक तमंचा मिला है। पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति पर गोली मारकर भाई की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष पिलुआ दिनेश सिंह ने बताया कि युवक का शव नहर के पास मिला था। उसकी हत्या कर शव फेंकने की रिपोर्ट परिजन ने दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।