मिरहची। एटा-कासगंज मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ रेफर किया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
कस्बा मिरहची निवासी प्रेमकिशोर साहू ने बताया कि उनका 27 वर्षीय पुत्र विक्रम बुधवार को बाइक से कासगंज जा रहा था। कस्बा से कुछ दूरी पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला चिकित्सालय कासगंज ले गए।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। उसका उपचार अलीगढ़ के सहगल नर्सिंग होम में चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।