जीआईसी मैदान में चल रही माध्यमिक खेलों की तैयारी- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
एटा। देर शाम तक चली तैयारियों के बाद 64वें जनपदीय युवा समारोह का आगाज शुक्रवार को मार्च पास्ट एवं खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाकर जिलाधिकारी करेंगे।
माध्यमिक विद्यालयों के तीन दिवसीय जिला खेलकूद प्रतियोगिताओं का रंगारंग आगाज होगा। जिले के हजारों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को देर रात अंतिम रूप दे दिया है। आयोजन समिति के अलावा डीआईओएस एमपी सिंह, एडीआईओएस केएस वर्मा, आयोजक भगवान सिंह वर्मा आदि ने कई बार मैदान पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही दिशा निर्देश जारी किए। सह जिला व्यायाम शिक्षक संतोष यादव ने बताया कि तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वागत से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। प्रधानाचार्यों को मार्च पास्ट में शामिल होने के लिए झंडा-बैनर एवं पचास बच्चों के साथ दस बजे तक मैदान में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा को स्काउट रहेंगे तैनात
सेवा-सहायता के संकल्प के साथ जिले के 24 से अधिक स्काउट मैदान पर तैनात रहेंगे। गुरुवार को स्काउट टीचर के साथ फुल ड्रेस मैदान पर पहुंचे में स्काउट्स को डीआईओएस एमपी सिंह ने व्यवस्थाओं की जानकारी के साथ दिशा निर्देश जारी किए।
दिखा सख्ती का असर
डीआईओएस की सख्ती का असर आयोजन से पूर्व ही दिखाई दिया। ऐन वक्त पर पात्रता देकर अपात्रों को शामिल कराने वाले इस बार फेल हो गए। नई व्यवस्था में प्रतिभागियों के पात्रता आवेदन 24 घंटे पूर्व ही जिला आयोजन समिति को प्राप्त हो गए। जीआईसी प्रधानाचार्य के क्षेत्रपाल सिंह यादव के अनुसार 35 से अधिक विद्यालयों के पात्रता प्राप्त हो गए हैं।
वाटर टैंकर, एंबुलेंस रहेगी तैनात
जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश के बाद आयोजन स्थल पर पेयजल व्यवस्था के लिए नगर पालिका का वाटर टैंकर एवं स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस आयोजन स्थल पर पूरे समय मौजूद रहेगी।