एटा। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के वर्मा नगर में घर में एक युवक का संदिग्ध परिस्थिति में शव मिला। परिजन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
वर्मा नगर निवासी संजेश उर्फ रामू (23) के मौसी के लड़के विजय ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर संजेश मोहल्ले की एक श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद कलश विसर्जन यात्रा में जा रहा था।
इस दौरान मोहल्ले के लड़कों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद मारपीट हुई। शाम को वह घायल अवस्था में घर पर पहुंचा और रात को अपने कमरे में सोने चला गया।
सुबह के वक्त परिजन उसके कमरे में गए तो वहां वह मृत अवस्था में पड़ा था। परिजन मोहल्ले के ही लड़कों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
थाना कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है।