मिरहची। थाना क्षेत्र के एक गांव में संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। परिजन ने गांव निवासी एक महिला सहित उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला से प्रेम प्रसंग होने की बात कही जा रही है। मृतक के भतीजे ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि उसके 35 वर्षीय चाचा का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चाचा ने कुछ माह पूर्व चार लाख रुपये की जमीन बेची थी। सारे रुपये महिला को दे दिए थे। वहीं एक भैस भी महिला को दी थी।
चाचा की बची दो बीघा जमीन को भी महिला हथियाना चाह रही थी। जिसके लिए चाचा ने मना कर दिया। महिला व उसके पति ने बुधवार को चाचा को अपने घर खाने पर बुलाया। जहां चाचा को जहर दे दिया। चाचा उल्टियां करते हुए आए और बोले मेरे साथ धोखा हो गया है। हालत देख परिजन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी जयेंद्र प्रसाद मौर्य ने बताया कि जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।