एटा। थाना जलेसर क्षेत्र में शनिवार की देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवक घायल हो गए। इनको सीएचसी पर भर्ती कराया गया। यहां से एक को आगरा रेफर कर दिया, जिसकी रास्ते में मौत हो गई। परिजन टक्कर मारकर लूट करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस हादसा मानकर चल रही है।
जलेसर थाना क्षेत्र के गांव पुन्हैरा निवासी दिलीप कुमार (32) की मौत हुई है, जबकि दूसरी बाइक पर सवार गांव का ही राहुल और इसका रिश्तेदार कौशल कुमार निवासी हाथरस घायल हुए हैं। मृतक के भाई विनीत कुमार का आरोप है कि कस्बा जलेसर से एक लाख रुपये लेकर घर आ रहा था। तभी सुल्तान सिंह महाविद्यालय के पास राहुल ने लूट के इरादे से भाई की बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गिर गया और बाइक भी टूट गई। इसके बाद रुपये, एक सोने की चेन लूट ली। गांव के ही अन्य लोगों ने भाई की पिटाई की और उसको घायलावस्था में सड़क किनारे खेत में डाल दिया। सूचना पर पहुंचे तो भाई को इलाज के लिए ले जाने लगे तो परिजन की भी पिटाई की गई।
कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दो बाइकों में भिड़ंत के बाद तीनों घायल हुए थे। दिलीप की हालत गंभीर होने के चलते आगरा रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। जबकि बाद में दूसरी बाइक सवार युवकों को भी आगरा रेफर किया गया है और हालत गंभीर बनी हुई है। लूट का गलत आरोप लगाया जा रहा है, ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। सीओ कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।