एटा। निधौली कलां थाना क्षेत्र में रविवार रात बिस्तर पर सोए युवक को जहरीले कीड़े ने काट लिया। इलाज के लिए युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के गांव मझराऊ निवासी 34 वर्षीय ग्रीश कुमार रविवार की रात घर की छत पर सो रहा था। रात लगभग 2 बजे एक जहरीले कीड़े ने उसके कान के पास काट लिया। कान पर सुई जैसी चुभन महसूस होने पर जब वह उठा तो परिजनों को जगाकर कीड़े द्वारा काटने की बात बताई। परिजन कुछ समझ पाते कि ग्रीश की हालत बिगड़ने लगी। जिसे देख वह लोग ग्रीश को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां इमरजेंसी में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।