एटा। महिला सुरक्षा को लेकर चल रही तमाम मुहिम पर हाल की दो घटनाओं ने सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन दिन में दो युवतियाें के अपहरण का प्रयास किया गया। एक घटना बजरंग दल के पदाधिकारी की बहन के साथ हुई तो दूसरी घटना में पीछा किए जाने पर अपहृत की गई युवती को बदमाश चलती गाड़ी से फेंक कर भाग गए।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत गांव रामपुर घनश्याम में रविवार शाम अपने खेत से घर एक युवती लौट रही थी। युवती के भाई के मुताबिक हाईवे पर आ रही एक गाड़ी में बैठे लोगों ने बहन को पकड़कर गाड़ी में डाल लिया। इस पर बहन चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर हम और गांव वाले पीछा करने लगे। इसे देख बदमाश हिंदुस्तान लीवर के पास उसे चलती गाड़ी से फेंक भागे। हमने लगातार पीछा किया और अमांपुर थाना क्षेत्र में गांव अल्लीपुर पर गाड़ी को घेरकर बदमाशों को पकड़ लिया। जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
इससे दो दिन पहले शुक्रवार रात को भी दुस्साहसिक वारदात की गई थी। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में घर से गैर धर्म के लोगों ने एक युवती को उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। बजरंग दल कार्यकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार की रात मारहरा गेट निवासी सोहिल और समीर अपने 8 साथियों के साथ आए। घर में घुसकर सोहिल बहन के साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती के अपहरण का प्रयास किया गया। हम लोगों के शोर मचाने पर अन्य लोग आए तो ये जान से मारने की धमकी देकर भगा गए। एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि रामपुर घनश्याम से अपहरण के प्रयास के 5 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी बरेली के रहने वाले हैं। दूसरे मामले में भी रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच कराई जा रही है।
-
शिकायत को दबाए बैठी रही पटियाली चौकी
बजरंग दल कार्यकर्ता का आरोप तो यह भी है कि पहले भी सोहिल ने समीर के साथ मिलकर बहन के साथ छेड़छाड़ की थी। इसकी लिखित शिकायत शहर की पटियाली गेट पुलिस चौकी पर दी थी, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। इसके कारण आरोपियों का हौसला बढ़ गया और उन्होंने बहन का अपहरण करने की कोशिश की और मुझे जान से मारने की धमकी दी।
इनको किया गिरफ्तार
कोतवाली देहात क्षेत्र में अपहरण के प्रयास के मामले में साहिल और उसके भाई अमन व दानिश निवासी मोहल्ला हाजियापुर थाना वारादरी जिला बरेली, सलीम तथा फैजान निवासी चक अब्बासनगर, वारादरी जिला बरेली को गिरफ्तार किया गया है।