एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र गादुरी निवासी युवक ने जहर खाकर जान दे दी। मृतक के परिजन ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया है।
गादुरी निवासी अनिकेत (22) शुक्रवार को परिवार के साथ बड़े भाई सुरजीत की शादी के लिए लड़की देखने फरिहा गए थे। लड़की देखने के बाद अनिकेत परिजन के साथ ताऊ की ससुराल सोनई में रुक गया। अगले दिन उसके परिजन घर वापस चले गए, लेकिन अनिकेत वहीं रुका रहा। शनिवार शाम को उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसके मामा सूरजपाल उसे पाढ़म में एक निजी चिकित्सालय पर ले गए। यहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद रात करीब 8 बजे उसके मामा ने उसके परिजन को तबीयत खराब होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पिता पप्पू ने बताया कि उन्हें बेटा मृत अवस्था में मिला। पिता का आरोप है कि उसे जहर देकर मार दिया गया है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।