मारहरा। कस्बे के मिरहची रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार शाम कुछ युवक बोतल में पेट्रोल लेने पहुंचे। पेट्रोल न दिए जाने पर गुस्साए युवकों ने गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान जमकर हंगामा किया।
पंपकर्मी राजनीश कांत ने बताया कि आनंद निवासी नगला परसी, दुर्गेश निवासी जाहिदपुर और सुभाष निवासी निहालपुर कल शाम बाइक पर सवार होकर पेट्रोल पंप पर आए और बोतल में पेट्रोल लेने की मांग की। जब कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देते हुए बोतल में पेट्रोल देने से मना किया तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
प्रबंधन के हस्तक्षेप के बावजूद विवाद बढ़ता चला गया। आरोपियों ने न केवल कर्मचारियों को धमकाया बल्कि जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार होगए। पीड़ित ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष केके लोधी ने बताया कि पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर विवाद होने के तथ्य सामने आए हैं। तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। संवाद