उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शनिवार की दोपहर एक नशेड़ी ने दो महिलाओं से घिनौनी हरकत की। उन्होंने विरोध किया तो धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों महिलाएं लहूलुहान होकर गली में गिर गईं। घटना से मोहल्ले में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। साथ ही घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा।
घटना मिरहची थाना क्षेत्र के अंबेडकर मोहल्ला की है। यहां का निवासी भूपेंद्र शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे शराब पीकर गली में अर्धनग्न अवस्था में घूम रहा था। कोमल सिंह के घर के करीब पहुंचा तो दरवाजे पर बैठी महिलाओं को देखकर अश्लील बातें और छेड़खानी करने लगा। विरोध किया तो अपने घर से हंसिया ले आया और ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। इसमें दो महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। शराबी मोहल्लावासियों को गाली देते हुए धमकी देता रहा।
यह भी पढ़ेंः- चंबल का एक थाना ऐसा भी: बदमाशों से नहीं, बिच्छुओं से खौफजदा हैं पुलिसकर्मी, वर्दी तो कभी जूते में घुसकर काटते
उसकी हरकतें देख लोग महिलाओं को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। घरों के अंदर से लोगों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी सुभाष बाबू ने बताया कि तहरीर मिल गई है। इसके आधार कार्रवाई की जा रही है।